बकाया मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर मनरेगा मजदूरों का प्रदर्शन, कार्यालय पहुंच जताया आक्रोश


मनीष मिश्रा बरारी | संवाद सूत्र
बरारी प्रखंड क्षेत्र में मनरेगा के तहत कार्य कर चुके मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज दर्जनों महिला मजदूरों ने गुरुवार को जन जागरण संगठन के बैनर तले प्रखंड मनरेगा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने जल्द भुगतान की मांग करते हुए प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, सिक्कट पंचायत अंतर्गत विभिन्न मनरेगा योजनाओं में कार्य करने वाले कई मजदूरों की मजदूरी का भुगतान लंबे समय से लंबित है। भुगतान नहीं होने के कारण मजदूरों के समक्ष आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं। इसी समस्या को लेकर महिला मजदूर एकजुट होकर मनरेगा कार्यालय पहुंचीं और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने कहा कि उन्होंने निर्धारित अवधि में मेहनत और ईमानदारी से कार्य किया, लेकिन अब तक उन्हें उनकी मजदूरी नहीं मिल सकी है। समय पर भुगतान नहीं होने से परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जन जागरण संगठन के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में मुंबई से आई रिसर्चर असमत खातून, मुजाहिदा खातून, संगठन की सदस्य जयमंती कुमारी, रीना देवी सहित कई महिला मजदूर और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा गरीब एवं मजदूर वर्ग के लिए महत्वपूर्ण योजना है, ऐसे में मजदूरी भुगतान में देरी योजना के उद्देश्य को प्रभावित करती है। उन्होंने प्रशासन से अविलंब बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
वहीं, मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी शमामदेव कुमार ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण मजदूरी भुगतान में विलंब हुआ है। विभागीय स्तर पर समस्या के समाधान की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही तकनीकी बाधाओं को दूर कर सभी मजदूरों के खाते में बकाया मजदूरी की राशि भेज दी जाएगी।

Previous Post Next Post