बरारी नगर पंचायत की स्थाई समिति गठित, चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न


मनीष मिश्रा बरारी कटिहार | 

बरारी प्रखंड सभागार में शुक्रवार को नगर पंचायत की सशक्त स्थाई समिति के गठन को लेकर चुनाव कराया गया। प्रशासनिक देखरेख में आयोजित इस प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया। चुनाव के दौरान सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे।
मतगणना के बाद वार्ड संख्या 10 से दीपक कुमार उर्फ प्रदीप कुमार तथा वार्ड संख्या 02 से अनीता देवी को विजयी घोषित किया गया। वहीं वार्ड संख्या 06 से रामनाथ चौधरी निर्विरोध सदस्य चुने गए। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों एवं जनप्रतिनिधियों ने निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी।
अनुमंडल पदाधिकारी प्रदूमण सिंह यादव ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र सौंपते हुए शपथ दिलाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि समिति के सदस्य नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बताया कि चुनाव निर्धारित नियमों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से कराया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौजूद रहे और हर गतिविधि पर नजर रखी गई।
मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क, पेयजल एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान बीपीआरओ राजकुमार सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम देव नारायण सहित कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Previous Post Next Post