जौनिया रेल अंडरपास में जलजमाव से आवागमन प्रभावित, स्थानीय लोगों ने सड़क मरम्मत की उठाई मांग


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार) | संवाद सूत्र
पूर्वी बरीनगर पंचायत बरारी क्षेत्र अंतर्गत वैशखा घाट से गुरमेला को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे किसानों, राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जौनिया स्थित रेल अंडरपास पुल में लगातार जलजमाव रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बताया जाता है कि बारिश होने के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों एवं जलभराव के कारण आवागमन जोखिम भरा बना रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क पथ है, जिससे होकर दियारा क्षेत्र के किसान मक्का, तरबूज सहित अन्य फसलों को ट्रैक्टर एवं मालवाहक वाहनों के माध्यम से बाजार और मंडियों तक पहुंचाते हैं।
सड़क की बदहाल स्थिति के कारण वाहन दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। कई बार छोटे वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं जौनिया रेल अंडरपास में जलजमाव के कारण पैदल यात्रियों को भी काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मार्ग होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। युवा समाजसेवी मो. जूल मो सलीम एवं मो. बाबर सहित क्षेत्रीय किसानों ने विधायक विजय सिंह से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने एवं अंडरपास में जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
Previous Post Next Post