मोबाइल टावर पर डीजल भरने पहुंचे तकनीशियन ने लगाया आरोप, अगले पक्ष ने कहां कई दिनो से नेटवर्क बाधित था उसी को लेकर कहां सूनी हुई मारपीट और लुटपाट का आरोप निराधार है ।
मामला ज्ञात हुआ है जांच की जा रही है यदि दोष मिलता है तो नियमानुसार कार्यवाही होगी किसी को भी कानून हाथ में लेने का हक नहीं है - बरारी थाना प्रभारी सुमेश कुमार
बरारी थाना क्षेत्र के मरघिया टोला स्थित एक मोबाइल टावर पर कार्य के दौरान टावर टेक्नीशियन के साथ मारपीट, लूटपाट एवं जान से मारने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बरारी थाना में लिखित आवेदन देकर छह नामजद समेत करीब 100 अज्ञात लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के अयोध्या निवासी सत्यम तिवारी एक निजी कंपनी में टावर टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने आवेदन में बताया है कि 29 मई की रात करीब 8 बजे वह मरघिया स्थित मोबाइल टावर पर डीजल भरने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उनसे धर्म पूछने के बाद कथित रूप से दुर्व्यवहार और मारपीट शुरू कर दी।
आवेदन में मो. उस्मान, मो. मानस, मो. आजाद, मो. शरीफ, मो. अरबाज एवं मो. जाविर को नामजद आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी मरघिया गांव के निवासी बताए गए हैं।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने टावर में भरने के लिए लाया गया लगभग 40 लीटर डीजल गिरा दिया तथा टावर परिसर में रखे उपकरणों और बैटरी बैंक को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से करीब आठ हजार रुपये नकद निकाल लिए गए।
सत्यम तिवारी ने आवेदन में कहा है कि घटना के समय बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने का प्रयास किया गया। बाद में कुछ लोगों के सहयोग से वह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।
पीड़ित ने दावा किया है कि घटना का वीडियो भी उपलब्ध है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, बरारी थाना पुलिस ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
कटिहार । बरारी