जगदीशपुर में बिजली संकट पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन


 फोटो प्रदर्शन करते ग्रमिण

मनीष मिश्रा बरारी | संवाद सूत्र
बरारी प्रखंड की जगदीशपुर पंचायत में लगातार बाधित बिजली आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। पंचायत भवन के समीप सेमापुर-कटिहार मुख्य सड़क को जाम कर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि तीनघरिया मुसहरटोली के पास लगे ट्रांसफार्मर का फ्यूज बार-बार खराब हो जाने से कई दिनों से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब्दुल कलाम आजाद, मो. मोजीम, मो. आजाद और मो. राजा समेत अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
सड़क जाम की सूचना पर बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और आवागमन सामान्य हो सका।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Previous Post Next Post