हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर बरारी नगर पंचायत में पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित

मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी ने अंगवस्त्र, कलम और डायरी देकर किया सम्मानित

मनीष मिश्रा बरारी कटिहार| संवाद सूत्र

हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर बरारी नगर पंचायत कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बरारी प्रखंड के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों को नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी शिवेन्सु सिवेश द्वारा अंगवस्त्र, कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद बबीता कुमारी ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है। पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है तथा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्य पार्षद ने कहा, "हिन्दी पत्रकारिता ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। पत्रकार अपनी लेखनी और खबरों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करते हैं। आज के दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। हमें उन पत्रकारों का सम्मान करना चाहिए जो सत्य और जनहित के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।"
वहीं कार्यपालक पदाधिकारी शिवेन्सु सिवेश ने पत्रकारों को हिन्दी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। प्रशासनिक कार्यों एवं जनहित योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार भूपेन्द्र सिंह, जितेन्द्र जायसवाल, नरेश चौधरी, आशुतोष तिवारी (सोनू), आदर्श चौधरी, सुमन साह, रवि सिंह, संजीव कुमार, मनीष मिश्रा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू मियां, गौतम कुमार सहित नगर पंचायत के कई कर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पत्रकारों ने भी हिन्दी पत्रकारिता के महत्व, चुनौतियों और बदलते मीडिया परिवेश पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Previous Post Next Post