अमृत स्टेशन योजना के कार्य पर जताया संतोष, अवध-असम एक्सप्रेस के ठहराव, टाटा लिंक के दैनिक परिचालन और सड़क मरम्मत के लिए भेजे गए प्रस्ताव
मनीष मिश्रा बरारी । कटिहार
बरारी प्रखंड के दौरे पर पहुंचे सांसद तारिक अनवर ने शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अमृत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे काढ़ागोला रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को संतोषजनक बताते हुए स्थानीय लोगों से स्टेशन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक मांगों को नोट कर रेल मंत्रालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
मीडिया से बातचीत में सांसद ने बताया कि काढ़ागोला, सेमापुर, कटिहार और बखरी क्षेत्र से संबंधित कई मांगें रेल मंत्रालय को भेजी गई हैं। इनमें से कई प्रस्तावों को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि कुछ पर मंत्रालय का जवाब आना शेष है। उन्होंने बताया कि सेमापुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण, पेयजल, शौचालय सुविधा, स्टेशन के समीप जर्जर सड़क निर्माण तथा फुट ओवरब्रिज निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
सांसद ने कहा कि काढ़ागोला रोड स्टेशन जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। साथ ही 5-बी अंडरपास तक रेलवे शिलापट्ट बिछे होने के कारण राहगीरों, बुजुर्गों एवं यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है और जल्द जांच के बाद मरम्मत कार्य शुरू होने की संभावना है।
स्थानीय लोगों ने कृषि क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए काढ़ागोला स्टेशन पर रेक प्वाइंट की स्थापना की मांग रखी। वहीं सांसद ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन चलने वाली टाटा लिंक एक्सप्रेस (28181/82) के दैनिक परिचालन के लिए भी प्रस्ताव रेल विभाग को भेजा गया है, जो फिलहाल विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि काढ़ागोला रोड स्टेशन पर पर्यटकों एवं यात्रियों की संख्या को देखते हुए 15909/10 अवध-असम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रेल मंत्रालय के समक्ष रखी गई है। उम्मीद है कि इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। सांसद ने यह भी जानकारी दी कि काढ़ागोला स्टेशन पर स्थायी रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन वर्तमान में स्टाफ और आवासीय क्वार्टर की कमी के कारण केवल एक अधिकारी ही तैनात हैं।
दौरे के दौरान सांसद ने कहा कि रेल विभाग से संबंधित जो भी कार्य जनहित में होंगे और जिनसे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, कार्यक्रम के समापन के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने काढ़ागोला गंगा घाट पर वर्षों से लंबित पुल निर्माण की मांग उठाई। इस पर सांसद ने कहा कि यह मामला रेल विभाग से संबंधित नहीं है। उन्होंने इस विषय पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया, जिससे स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील यादव, प्रखंड अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह, जहांगीर, मो. मस्कुर, अवधेश मंडल, राजकुमार मेहता, भोला सिंह, शिवपूजन पासवान, अमित चौधरी, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेल कर्मचारी एवं रेल पुलिस के जवान मौजूद थे।
Tags
कटिहार । बरारी