सौहार्द और भाईचारे के माहौल में मनाया गया बकरीद का पर्व, ईदगाहों में अदा की गई विशेष नमाज

 फोटो ईदगाह पर नमाजियो ने अदा की नमाज
मनीष मिश्रा बरारी | संवाद सूत्र | गुरुवार
बरारी प्रखंड अंतर्गत पश्चिमीबारी नगर पंचायत स्थित सोफीचक ईदगाह, लक्ष्मीपुर ईदगाह, गिद्धाबाड़ी ईदगाह सहित प्रखंड के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में गुरुवार को ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक मनाया गया।
पर्व को लेकर सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी चहल-पहल देखी गई। मुस्लिम समुदाय के लोग नए वस्त्र पहनकर बड़ी संख्या में ईदगाह पहुंचे, जहां विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान देश में सुख-शांति, अमन-चैन और भाईचारा कायम रहने की दुआ मांगी गई।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पश्चिमीबारी नगर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अब्दुल्ला ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोफीचक ईदगाह में बकरीद का पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। वहीं दक्षिणी भंडारतल पंचायत के मुखिया ईब्राहिम ने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान और मानवता का पर्व है, जो समाज में आपसी एकता और सद्भाव को मजबूत करता है।
इस अवसर पर दक्षिणी भंडारतल पंचायत के मुखिया ईब्राहिम, पूर्वीबारी नगर पंचायत के मुखिया मस्कुर, मुखिया प्रतिनिधि अब्दुल्ला, पूर्व मुखिया मो. नियामातुर, उप मुखिया मो. जमी अहमद, मौलवी हाजी इमरान, अब्दुल तवाव, इमाम नईव, मौलवी अकमल, मौलवी नूर इस्लाम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस बल लगातार गश्ती करते रहे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
Previous Post Next Post