फोटो बैठक मे मौजूद विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि
बरारी। प्रखंड सभागार में बुधवार को प्रखंड स्तरीय बाढ़ सह सुखाड़ राहत अनुश्रवण एवं निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति से निपटने को लेकर व्यापक चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता उप प्रमुख रैनी कौर एवं प्रखंड प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से की गई। बैठक में विजय सिंह निषाद, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव कुमार भारती, सांसद प्रतिनिधि सिमरणजीत सिंह, जदयू नेता चन्द्र मोहन सिंह, प्रखंड अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, पैक्स अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता रवि कुमार भारती सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गंगा एवं कोसी नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति, कटाव प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत शिविरों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए संवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को राहत सामग्री, नाव, दवा एवं पशु चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों में निगरानी बढ़ा दी गई है। वहीं सीओ मनीष कुमार ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कई गांवों में तटबंधों की मरम्मत, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा कटाव रोकने के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। इस पर बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंता रवि कुमार भारती ने आश्वस्त किया कि संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मी एवं प्रखंड के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Tags
कटिहार / बरारी