ब्यूरो रिपोर्ट
बीईओ बोले– विद्यालय में अब नियमित रूप से गाया जा रहा राष्ट्रीय गीत, दो शिक्षकों से लिया गया माफीनामा
बरारी प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय गुरमेला में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर उत्पन्न विवाद की जांच पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग मामले को शांत करने में जुट गया है। जांच के दौरान दो शिक्षकों की संलिप्तता सामने आने पर उनसे लिखित माफीनामा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय के शिक्षक अंजुमन एवं अबू तालिब पर वंदे मातरम् गाने का विरोध करने का आरोप लगा था। इस संबंध में विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह को लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि इस घटना से विद्यालय का माहौल प्रभावित हुआ तथा छात्रों के बीच गलत संदेश गया।
मामले के तूल पकड़ने के बाद बुधवार को प्रभारी बीईओ राजकुमार सिंह उत्क्रमित मध्य विद्यालय मौलाचक पहुंचे और शिक्षकों से बंद कमरे में पूछताछ की। जांच के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि दो शिक्षकों की संलिप्तता पाई गई है। दोनों शिक्षकों ने लिखित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने देने का आश्वासन दिया है।
बीईओ ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में सभी गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं तथा राष्ट्रगान और वंदे मातरम् नियमित रूप से गाया जा रहा है।
इधर, मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों में संस्कार और राष्ट्रभक्ति विकसित करने का केंद्र होता है, इसलिए राष्ट्रीय गीत को लेकर किसी प्रकार का विवाद नहीं होना चाहिए। लोगों ने शिक्षा विभाग से ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाने की मांग की है।
Tags
कटिहार / बरारी