सुमन साह बरारी कटिहार / एक्स डीजीटील न्यूज
बरारी। कालिकापुर फीडर में लगातार फॉल्ट, लो वोल्टेज और घंटों बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से नाराज उपभोक्ताओं ने बरारी थाना चौक के समीप काढ़ागोला घाट-बरारी मुख्य मार्ग को जाम कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कालिकापुर फीडर में लंबे समय से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। आए दिन फॉल्ट और कम वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। इसे लेकर कई बार बिजली विभाग के जेई, एसडीओ एवं एई को शिकायत दी गई और आंदोलन भी किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
बताया गया कि कालिकापुर फीडर को दो भागों में विभाजित करने के लिए रेलवे लाइन पार अंडरग्राउंड तीन केबल बिछाने का कार्य चल रहा है। कार्य अधूरा रहने के कारण एक ही केबल पर करीब 20 पंचायतों का लोड पड़ रहा था। रविवार मध्य रात्रि ओवरलोड के कारण केबल में फॉल्ट हो गया और पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
सोमवार सुबह नौ बजे तक बिजली बहाल नहीं होने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क जाम कर दिया। उमस भरी गर्मी में रातभर बिजली नहीं रहने से लोग खासे नाराज दिखे।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सुमेश कुमार और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल्द फीडर विभाजन कार्य पूरा कर ओवरलोड और फॉल्ट की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
वहीं बरारी के कनीय अभियंता ने बताया कि तीन अंडरग्राउंड केबल निकाले गए हैं, जिनमें एक इमरजेंसी के लिए रखा गया है। फॉल्ट के बाद दूसरे केबल पर बिजली शिफ्ट करने की तैयारी थी, लेकिन आंदोलन के कारण कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि सहयोग मिलता तो सुबह 10 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाती।
Tags
बरारी / कटिहार