माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर बरारी प्रखंड स्थित ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब घाट की ओर उमड़ पड़ा और हर-हर गंगे के जयकारों के बीच दिनभर पुण्य स्नान का सिलसिला चलता रहा।
सीमांचल के विभिन्न जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से अधिक आंकी गई। सुबह से लेकर सूर्यास्त तक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। घाट परिसर में बांस से बैरिकेडिंग की गई थी, वहीं महिलाओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और शौचालय की विशेष व्यवस्था की गई। मेला सह घाट लेशी संजय यादव ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से ही किए गए थे।
अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार, बीपीआरओ सह बीईओ राज कुमार सिंह एवं थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार पुलिस बल के साथ लगातार घाट पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। वहीं एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट के साथ तैनात रही और गहरे पानी में स्नान करने से श्रद्धालुओं को सतर्क करती रही।
स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर दीपदान, पूजा-पाठ एवं दान-पुण्य किया। घाट पर लगे मेले में बच्चों और महिलाओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। पूरे दिन काढ़ागोला गंगा घाट हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
Tags
बरारी / कटिहार