गांधी ग्राम के पंचमुखी हनुमान मंदिर में 72 घंटे का अष्टयाम यज्ञ प्रारंभ, हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार) / संवाददाता
बरारी प्रखंड की पूर्वी बारीनगर पंचायत अंतर्गत गांधी ग्राम में अवस्थित ऐतिहासिक पंचमुखी हनुमान मंदिर में विश्व शांति, मानव कल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 72 घंटे का अष्टयाम यज्ञ एवं हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन आरंभ हुआ। यज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हरिनाम संघ कीर्तन के साथ किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा।
इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत उद्घाटन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव, जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, मंदिर समिति के अध्यक्ष विकास यादव, बीस सूत्री अध्यक्ष मनोज सिंह कुशवाहा, उप मुख्य पार्षद अमन कुमार, जदयू नेता अरविंद भगत, लोजपा के जिला अध्यक्ष राज किशोर पासवान, अजय यादव प्रमुख प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
मौके पर पूजा सह मंदिर समिति के अध्यक्ष विकास यादव ने बताया कि माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष अष्टयाम यज्ञ का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज़ के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। तीन दिनों तक लगातार हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम चलेगा, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहेगा।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर मंदिर समिति द्वारा समुचित व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
अष्टयाम यज्ञ के शुभारंभ के साथ ही गांधी ग्राम सहित आसपास के गांवों में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। इस अवसर पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव द्वारा पूजा समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र (गमछा) प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
Previous Post Next Post