शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी में प्रतिभा का सम्मान, बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का लिया गया संकल्प


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार) /  
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार गुरुनानक कन्या मध्य विद्यालय, गुरुबाजार में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के अभिभावकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरा विद्यालय परिसर शिक्षा-संवाद का जीवंत केंद्र बन गया।
संगोष्ठी के दौरान पूर्व में आयोजित बाल मेला एवं स्पोर्ट्स मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को विद्यालय शिक्षा समिति की ओर से पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास की चमक साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगत सिंह ने आंगनबाड़ी से विद्यालय स्तर तक बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि जगाने के लिए रचनात्मक गतिविधियों, खेल-कूद और नवाचार को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही सरकार द्वारा संचालित पोषण, छात्रवृत्ति, पुस्तक व गणवेश योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी अभिभावकों को दी।
प्रधानाध्यापक ने बच्चों के पोषण, स्वच्छता, अनुशासन एवं बढ़ते सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा तभी सफल होगी, जब विद्यालय और समाज मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन शिक्षक संतोष कुमार ने किया, जबकि व्यवस्था संचालन में अजमल हुसैन, वसीम, रौशन कुमार रजक की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव अनिता कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने अपने प्रेरक संबोधन से बच्चों में आगे बढ़ने का उत्साह भरा।
इस अवसर पर कंचन कुमारी, रीना कुमारी, राम कुमारी, पूजा सिंह, रंजीत कौर, उमेश राम, गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय गुरुबाजार के शिक्षकगण एवं आंगनबाड़ी कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “शिक्षा से सशक्त समाज” के संकल्प के साथ किया गया।
Previous Post Next Post