कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्ववेदी आज बरारी प्रखंड कार्यालय पहुंचे, जहां किसान रजिस्ट्री (फार्मर रजिस्ट्री) को लेकर लगाए गए विशेष कैम्प का उन्होंने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं उप विकास आयुक्त अमित कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम आशुतोष द्ववेदी ने कैम्प में चल रहे रजिस्ट्रेशन कार्य की प्रगति की जानकारी ली और उपस्थित किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराएं, ताकि फर्जी और डुप्लीकेट लाभार्थियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान रजिस्ट्री से किसानों की जमीन, फसल एवं बैंक खाते से संबंधित सभी विवरणों का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार होगा, जिससे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सही और पात्र किसानों तक सीधे पहुंचेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के बिना किसान कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ नहीं ले सकेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से—
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
फसल बीमा योजना
डीजल अनुदान
खाद एवं बीज अनुदान
कृषि यंत्र अनुदान
शामिल हैं।
डीएम ने बताया कि यह रजिस्ट्री जमीनधारी किसानों के साथ-साथ बटाईदार, शेयर क्रॉपर, छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए भी आवश्यक है।
प्रशासन की ओर से यह अभियान लगभग सभी प्रखंड कार्यालयों में कैम्प के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इसके लिए दो प्रकार की टीमें लगाई गई हैं—एक टीम कैम्प स्थल पर स्टैंडिंग मोड में पंजीकरण कर रही है, जबकि दूसरी टीम गांव-गांव और घर-घर जाकर उन किसानों का रजिस्ट्रेशन कर रही है, जो कैम्प तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
डीएम आशुतोष द्ववेदी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रजिस्ट्रेशन में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और अभियान को तेज गति से चलाकर अधिक से अधिक किसानों को किसान रजिस्ट्री से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
Tags
बरारी / कटिहार