माघ पूर्णिमा मेले के बाद ऐतिहासिक काढ़ागोला घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, 369वें रविवार को जुटे गंगा समग्र के स्वयंसेवक


मनीष मिश्रा बरारी कटिहार /

ऐतिहासिक काढ़ागोला घाट पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने आज विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। उल्लेखनीय है कि हाल ही में यहां आयोजित माघ पूर्णिमा मेला 2026 अत्यंत भव्य रहा, जिसमें दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
नेपाल, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा एवं कटिहार सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु गंगा स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए काढ़ागोला घाट पहुंचे थे। प्रशासन एवं मेला प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे मेला शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मेला समाप्ति के बाद घाट पर फैले कूड़ा-कचरे को देखते हुए गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने विशेष सफाई अभियान चलाया। गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा ने बताया कि संगठन पिछले कई वर्षों से काढ़ागोला घाट पर स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाता आ रहा है। उन्होंने कहा कि कटाव की विभीषिका के कारण धूमिल हो चुकी घाट की पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार प्रातःकाल स्वयंसेवक घाट पर एकत्रित होकर स्वच्छता कार्यक्रम चलाते हैं। आज लगातार 369वें रविवार को भी स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, संजू राय, मनोज बाबा, राहुल राज, राजा साह, रूदल मंडल एवं गुड्डू भगत सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post