मनीष मिश्रा बरारी कटिहार /
बरारी प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत के जागेश्वर उच्च विद्यालय मैदान में युवा क्रिकेट क्लब बरारी (बीपीएल) के तत्वावधान में भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जेएनयू के छात्र सह कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम एवं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप उर्फ हिटलर यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
आयोजक साजन कुमार एवं अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि यह टूर्नामेंट कुल 12 दिनों तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र की कई टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। विजेता टीम को ₹35,000 नगद पुरस्कार एवं पांच फीट लंबी ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹21,000 नगद राशि प्रदान की जाएगी।
उद्घाटन मैच बना रोमांच का शिखर
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डीएल 11 कोलाशी एवं डीएल 11 गेड़ाबाड़ी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएल 11 कोलाशी की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 166 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएल 11 गेड़ाबाड़ी की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया, लेकिन 14 ओवर में सभी विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी। इस तरह डीएल 11 कोलाशी ने महज 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर उद्घाटन मैच अपने नाम कर लिया।
कोलाशी टीम के पवन कुमार ने 55 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलने के साथ 2 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन खेल के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य निलेश कुमार, रोहित कुमार, राहुल कुमार एवं आशीष कुमार ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। मैदान में दर्जनों खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को उत्साह और रोमांच से भर दिया।
Tags
बरारी कटिहार /