माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युमन सिंह यादव एवं डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने बरारी प्रखंड के ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया और सुरक्षा व विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि माघी पूर्णिमा पर काढ़ागोला गंगा घाट में दूर-दराज़ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। घाट पर बांस-बल्ला से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालु केवल सुरक्षित एवं चिन्हित स्थानों पर ही स्नान कर सकें और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि स्नान के दौरान सुरक्षा को लेकर सरकारी स्तर पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है, जो लगातार गंगा नदी पर नजर बनाए रखेंगे। इसके साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीएसपी रंजन कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और केवल निर्धारित घाटों पर ही स्नान करें।
इस मौके पर बरारी के अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार, थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार, एसआई छोटू कुमार, घाट लेशी एवं मेला आयोजक संजय कुमार यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से माघी पूर्णिमा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से मनाने की अपील की है।
Tags
बरारी / कटिहार