मजबूत शिक्षा की नींव: विद्यालय और अभिभावकों की साझा पहल


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार)
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार गुरुनानक कन्या मध्य विद्यालय, गुरुबाजार बरारी में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी सह प्रगति पत्र के वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय "प्रवेश से प्रगति तक: विद्यालय और अभिभावक साथ-साथ" रखा गया।
संगोष्ठी के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक भगत सिंह ने सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की घोषणा करते हुए अभिभावकों के समक्ष विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने प्रखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से सभी बच्चों के नामांकन सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत उपस्थिति बनाए रखने तथा जीरो ड्रॉपआउट ( सीजन) के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा बच्चों को दी जाने वाली विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर नए शैक्षणिक सत्र के लिए छात्रों के बीच निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय का संदेश गया।

Previous Post Next Post