बरारी में पैक्स चुनाव: पहले दिन 24 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा, अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार): 

बरारी प्रखंड में आगामी 20 अप्रैल को होने वाले पैक्स (PACS) चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया ने जोर पकड़ लिया है। पहले दिन कुल 24 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी तथा प्रबंधन समिति सदस्य पद के लिए 17 उम्मीदवार शामिल हैं।
समिति सदस्य पद के उम्मीदवारों में 9 महिलाएं और 15 पुरुष शामिल हैं। महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) धीरज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बरारी प्रखंड की पांच पंचायतों—विशनपुर, काबर, बकिया सुखाय, सकरैली और गुरुमैला—में पैक्स चुनाव प्रस्तावित है। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि अध्यक्ष पद के लिए गुरुमैला और सकरैली पंचायतों से अब तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ है। इससे इन पंचायतों में चुनावी स्थिति को लेकर असमंजस बना हुआ है।
प्रशासन द्वारा नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रखंड कार्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
नामांकन प्रक्रिया के साथ ही अब क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज होने की संभावना है।
Previous Post Next Post