बरारी कटिहार /
बरारी के भैंसदियारा स्थित सावित्री ग्लोबल पब्लिक स्कूल में 9वां वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ विद्यालय परिसर में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों—राजीव भारती, मिथलेश यादव, दिलीप मिश्रा, नरेश चौधरी, सोनू तिवारी, सुमन साह, अजय पाठक एवं विमल मालाकार—तथा विद्यालय के प्रबंधक प्रवीण मेहता द्वारा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वार्षिक उत्सव में बच्चों ने स्वागत गान से कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए देशभक्ति, सांस्कृतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। नृत्य, गीत, नाटक एवं समूह प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का दिल जीत लिया।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षणिक स्तर एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे और अपने बच्चों के प्रदर्शन को देखकर गौरवान्वित महसूस किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का सफल समापन किया गया।
Tags
कटिहार / बरारी