बरारी, कटिहार।
लोकआस्था के महापर्व छठ को लेकर बरारी नगर पंचायत क्षेत्र में तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। इस बीच बुधवार को बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।जानकारी के अनुसार बैशाखा बरंडी नदी घाट में पानी की अधिकता के कारण इस वर्ष व्रतियों को पूजा अर्चना में कठिनाई हो सकती है। ऐसी स्थिति को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने लगभग आधा दर्जन वार्डों में वैकल्पिक छठ घाट निर्माण कराने का निर्णय लिया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दी प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने बरारी प्रखंड कार्यालय के पीछे स्थित पोखर तथा अन्य निर्धारित स्थलों पर निर्माणाधीन छठ घाटों की प्रगति जानी। उन्होंने घाटों की सफाई व्यवस्था, रास्तों के समतलीकरण, मिट्टी भराई, सुरक्षा बैरिकेडिंग, जल निकासी, और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। मुख्य पार्षद ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी घाटों पर कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों के लिए पेयजल, शौचालय और निरंतर बिजली रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि – बबीता कुमारी यादव
मुख्य पार्षद ने कहा
“छठ सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और लोकसंस्कृति का प्रतीक है। व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर पंचायत की पूरी टीम पूरी तरह मुस्तैद है। सभी छठ घाटों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त बनाया जा रहा है।”
स्थानीय लोगों ने की पहल की सराहना
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद के साथ नगर पंचायत के कई वार्ड पार्षद, कर्मी एवं स्थानीय लोग भी मौजूद थे। स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की तैयारियों पर संतोष जताया और कहा कि इस वर्ष छठ पर्व पहले से अधिक सुव्यवस्थित और भव्य वातावरण में संपन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव के साथ ऐतिहासिक भगवती मंदिर समिति के सचिव पंकज यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राजू अंसारी,आशिकी मंडल,अमर सिंह राठौड़,नवीन चौधरी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित थे ।