बरारी प्रखंड अंतर्गत बरारी हाट में रोजाना लगने वाले भीषण जाम और बढ़ते अतिक्रमण की समस्या को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। गृह मंत्री सम्राट चौधरी के स्पष्ट निर्देश के बाद बरारी नगर पंचायत क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन का लक्ष्य बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को सुचारू बनाना है।
कई वर्षों से बरारी हाट में सड़क किनारे अवैध निर्माण और दुकानों के फैलाव के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह हो गई है कि रोजाना घंटों तक बाजार क्षेत्र में आवागमन ठप रहता है। इसी गंभीर समस्या को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुलडोज़र कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि यदि दुकानदार नोटिस जारी होने से पहले स्वेच्छा से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जे हटा लेते हैं, तो जबरन कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ेगी। सड़क के दोनों ओर से सरकारी भूमि को पूरी तरह खाली कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरारी हाट में प्रतिदिन भारी भीड़ के कारण जाम आम बात हो गई है। अतिक्रमण हटने के बाद बाजार का स्वरूप बदलेगा और आम जनता को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इधर, बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने जिला एवं स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि दुकानदारों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए कुछ दिनों का समय दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुकानदार स्वयं ही सड़क किनारे की सरकारी जमीन खाली कर देंगे, जिससे सख्त कार्रवाई की नौबत नहीं आएगी।
मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने को लेकर नोटिस जारी करने की तैयारी में है। उन्होंने सभी दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और समय रहते अपने-अपने अतिक्रमण हटाने की अपील की है।
बरारी हाट में आने वाले दिनों में बड़े बदलाव की शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे बाजार व्यवस्था और यातायात दोनों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।