महाशिवरात्रि पर ऐतिहासिक काढ़ागोला घाट हुआ स्वच्छ, गंगा समग्र का 370वां रविवार अभियान सम्पन्नकटिहार। काढ़ागोला घाट पर आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों ने विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।

मनीष मिश्रा बरारी / कटिहार
महाशिवरात्रि के कारण घाट पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही। श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर घाट उपलब्ध हो, इसी उद्देश्य से स्वयंसेवकों ने सुबह से ही सफाई कार्य प्रारंभ कर पूरे घाट परिसर को पूर्णतः स्वच्छ किया।
गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी बाबा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से काढ़ागोला घाट पर लगातार स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि कटाव की विभीषिका के कारण घाट की पहचान धूमिल हो गई थी, लेकिन उसे पुनर्स्थापित करने के लिए स्वयंसेवक निरंतर प्रयासरत हैं।
हर रविवार प्रातःकाल स्वयंसेवक घाट पर एकत्र होकर स्वच्छता अभियान चलाते हैं। आज लगातार 370वां रविवार स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम के रूप में मनाया गया, जो संस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिला सहसंयोजक मनोज साह, आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, घाट प्रमुख राजकुमार साह, मुनिलाल साह, संजू राय, राहुल राज एवं गुड्डू भगत सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
महाशिवरात्रि के दिन चलाए गए इस अभियान से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
Previous Post Next Post