मनीष मिश्रा बरारी, कटिहार /
नवपदस्थापित जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रविवार को बरारी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बरारी नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क किनारे वर्षों से रह रहे विस्थापित परिवार अपनी समस्या लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचे। जिलाधिकारी ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और स्पष्ट रूप से कहा कि बिना पुनर्वास किए किसी भी परिवार को बेघर नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी मनीष कुमार को निर्देश देते हुए कहा कि सबसे पहले यह चिन्हित किया जाए कि कौन परिवार वास्तव में भूमिहीन है और किनके पास पहले से भूमि उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन भूमिहीन परिवारों को पूर्व में पर्चा दिया जा चुका है और जिनकी बंदोबस्ती की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनकी स्थिति की स्थल पर जांच की जाए।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन विस्थापित परिवारों की अब तक बंदोबस्ती नहीं हुई है, उन्हें चिन्हित कर पहले बसावट की प्रक्रिया पूरी की जाए। वहीं जिन लोगों के पास पहले से भूमि उपलब्ध है या जिनकी बंदोबस्ती पूर्व में हो चुकी है, उन पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
जिलाधिकारी के इस निर्णय से भूमिहीन परिवारों में राहत की उम्मीद जगी है, जबकि प्रशासन ने यह संकेत भी दिया है कि नियमों के विरुद्ध अतिक्रमण करने वालों पर अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।