बरारी प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, भूमि विवाद व अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश


मनीष मिश्रा

बरारी, कटिहार /
रविवार को कटिहार के नवपदस्थापित जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बरारी प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और विशेष रूप से राजस्व एवं अंचल से जुड़े मामलों की विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण के क्रम में अतिक्रमण से पीड़ित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने अंचल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अतिक्रमण से संबंधित मामलों में तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई सरकारी भूमि का समुचित संरक्षण किया जाए, ताकि भविष्य में जनहित की योजनाओं एवं विकास कार्यों में उसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भूमि विवाद एवं अतिक्रमण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर वीडियो धीरेंद्र कुमार धीरज, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी राजकुमार सिंह, कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम देव, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुर्शरफ हुसैन, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विभा कुमारी सहित प्रखंड कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post