मानवता की मिसाल: ग्रामीण विकास मिशन ने महादलित परिवार की बेटी की शादी में बढ़ाया सहयोग का हाथ

रिपोर्ट मनीष मिश्रा

सामाजिक सरोकारों को लेकर निरंतर सक्रिय ग्रामीण विकास मिशन संस्था ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरक मिसाल पेश की है। संस्था ने गुरुवार को घुसकी गांव के एक महादलित परिवार की विधवा महिला की बेटी की शादी में सहयोग कर जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत पहुंचाई।

इस अवसर पर संस्था की ओर से वर-वधु के लिए नए वस्त्र एवं आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे विवाह की तैयारियों में परिवार को काफी सहूलियत मिली।

घुसकी गांव निवासी विधवा देवकी देवी ने बताया कि उनकी बेटी अंजू की शादी चंदवा खुदना, पूर्णिया निवासी युवक अकलू ऋषि से तय हुई है। शादी की तिथि 18 दिसंबर निर्धारित है, लेकिन कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण जरूरी सामान जुटा पाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा था। ऐसे में उन्होंने ग्रामीण विकास मिशन संस्था से सहायता की अपील की।

मामले की जानकारी मिलते ही संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जायसवाल, सचिव अर्जुन कुमार यादव, सदस्य राकेश चौधरी, अभय जायसवाल समेत अन्य पदाधिकारी देवकी देवी के घर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संस्था की बैठक में सर्वसम्मति से बेटी की शादी में हरसंभव सहयोग करने का निर्णय लिया गया।

इस मौके पर अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जायसवाल और सचिव अर्जुन कुमार यादव ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की मदद करना है, ताकि आर्थिक तंगी किसी बेटी की खुशियों में बाधा न बने। वहीं सदस्य अभय जायसवाल ने कहा कि विधवा एवं गरीब परिवारों की सहायता करना संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सदस्य राकेश चौधरी ने भी आश्वस्त किया कि ग्रामीण विकास मिशन आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

इस दौरान समाजसेवी गौतम भगत और छोटू चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने संस्था के इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी ग्रामीण विकास मिशन की इस पहल को सराहनीय और प्रेरणादायक बताया।

Previous Post Next Post