मनीष मिश्रा बरारी कटिहार /
बरारी प्रखंड के पूर्वीबारीनगर पंचायत भवन में सुशासन सप्ताह के अंतर्गत “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) धीरेन्द्र कुमार धीरज के नेतृत्व में किया गया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना एवं सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाना रहा। शिविर में राशन कार्ड, आधार कार्ड, शौचालय निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जॉब कार्ड, अंचल से संबंधित मामलों सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी सहदेव कुमार, बीपीआरओ राज कुमार सिंह सहित कई प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बताया कि सुशासन सप्ताह के तहत इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।