मनीष मिश्रा बरारी/कटिहार।
मुंबई के बॉलीवुड हास्य कलाकार एवं फिल्म अभिनेता राजपाल नवरंग यादव के चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद होने की खबर के बाद देशभर से उनके समर्थन में आवाजें उठने लगी हैं। इसी क्रम में कटिहार जिले के बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी कश्यप ने मानवीय आधार पर आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।
मुख्य पार्षद बबीता कुमारी कश्यप ने अपने निजी कोष से 51 हजार रुपये की राशि अभिनेता के खाते में जमा कराई है। जानकारी के अनुसार यह राशि ICICI Bank की मुंबई स्थित जुहू शाखा में उनके खाते में भेजी गई है।
मुख्य पार्षद ने कहा कि यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा है और उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण से सहयोग करने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि कठिन समय में सामाजिक सहयोग से व्यक्ति को मानसिक और आर्थिक संबल मिलता है।
गौरतलब है कि अभिनेता के समर्थन में इससे पूर्व फिल्म अभिनेता सोनू सूद द्वारा भी सहायता की घोषणा की गई थी। सीमांचल क्षेत्र से इस प्रकार की पहल सामने आने के बाद बरारी नगर क्षेत्र के लोगों एवं स्थानीय कलाकारों में सकारात्मक चर्चा का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि “बूंद-बूंद से घड़ा भरता है” और यदि समाज के अन्य लोग भी आगे आएं तो कलाकार को और राहत मिल सकती है।
मुख्य पार्षद ने आशा व्यक्त की कि सामाजिक सहयोग और संवेदना से कलाकार को शीघ्र राहत मिलेगी।
Tags
बरारी / कटिहार