योजनाओं में तेजी और पारदर्शिता पर जोर, डीडीसी अमित कुमार का प्रखंड मुख्यालय में औचक निरीक्षण


मनीष मिश्रा बरारी/कटिहार।

कटिहार जिले के प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को डीडीसी अमित कुमार ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मनरेगा कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, बीपीआरओ राज कुमार सिंह तथा मनरेगा पीओ श्यामदेव कुमार उपस्थित रहे। डीडीसी ने बीडीओ से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लाभुकों को समय पर आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं बीपीआरओ से स्वच्छता अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता भी बताई।
मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी को लंबित ई-केवाईसी कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि मजदूरों एवं लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। डीडीसी ने कहा कि ई-केवाईसी में लापरवाही से भुगतान प्रक्रिया प्रभावित होती है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
निरीक्षण के अंत में डीडीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Previous Post Next Post