19 जनवरी से हर सोमवार व शुक्रवार को बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की होगी सुनवाई


मनीष मिश्रा बरारी | कटिहार
सात निश्चय–3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ (ईज ऑफ लिविंग) के तहत बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऊर्जा सचिव सह बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह ने सभी बिजली आपूर्ति अंचलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके तहत 19 जनवरी से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी बिजली कार्यालयों में उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।
इस संबंध में ऊर्जा सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी आपूर्ति अंचल कार्यालयों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी निर्धारित दिनों में अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
निर्देशानुसार, सभी अंचल, प्रमंडल, अवर प्रमंडल एवं सेक्शन कार्यालयों में
सोमवार को दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक तथा
शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे से 4:30 बजे तक
बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। इस दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता अपने प्रमंडल कार्यालय में, सहायक विद्युत अभियंता सब-डिविजन कार्यालय में एवं कनिष्ठ अभियंता सेक्शन कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि ऊर्जा सचिव के निर्देशानुसार प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को बिजली विभाग के सभी कार्यालयों में उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनी जाएंगी, ताकि समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके। उपभोक्ता सीधे अधिकारियों से मिलकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
ऊर्जा सचिव श्री मनोज कुमार सिंह ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं से शालीन व्यवहार करने, उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी कार्यालयों में उपभोक्ताओं के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी अनिवार्य बताया गया। प्राप्त सभी शिकायतों का पंजीकरण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह पहल बिजली उपभोक्ताओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाएगी। सात निश्चय–3 के तहत लागू ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं को कम कर उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Previous Post Next Post