मनीष मिश्रा बरारी कटिहार /
काढ़ागोला मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर गंगा समग्र के स्वयंसेवकों द्वारा काढ़ागोला घाट पर विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। 366वें रविवार स्वच्छता कार्यक्रम के उपरांत पुरोहित प्रमुख दिवाकर मिश्र द्वारा वैदिक विधि-विधान से माँ गंगा का पूजन एवं भव्य गंगा आरती संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और माँ गंगा के जयकारों से पूरा घाट क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
इस अवसर पर दिवाकर मिश्र ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार मौनी अमावस्या के दिन माँ गंगा का जल अमृतमय हो जाता है। इसी कारण इस दिन श्रद्धालु मोक्ष की प्राप्ति और पापों के नाश के लिए गंगा स्नान करते हैं। इस दिन गंगा पूजन एवं आरती करने से पापों का क्षय होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है, क्योंकि माँ गंगा मोक्षदायिनी हैं।
गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी “बाबा” एवं जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि गंगा समग्र के स्वयंसेवक माँ गंगा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए काढ़ागोला घाट पर निरंतर कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। मौनी अमावस्या के अवसर पर बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, इसके बाद भव्य गंगा आरती और गंगा तट पर महाप्रसाद (खिचड़ी) का आयोजन किया गया। इस दौरान गंगा स्नान के लिए आए हजारों श्रद्धालुओं को स्वयंसेवकों द्वारा भक्तिभाव से प्रसाद ग्रहण कराया गया।
जिला संयोजक ने बताया कि शुभ अवसर पर गंगा तट पर देववृक्ष पीपल का विधिवत पौधारोपण किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर माँ गंगा की स्वच्छता व संरक्षण को लेकर जागरूक किया गया। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार का कूड़ा-कचरा गंगा में प्रवाहित न करें तथा इससे होने वाले दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख रूप से घाट लेशी संजय यादव, जिला संयोजिका संजीता चौधरी, आरती प्रमुख जीवछ गुप्ता, राजकुमार साह, योगेश पाल, नवीन साह, रूदल मंडल, मुनिलाल साह, राजा साह, संजू राय, राजेश साह, मनोज मंडल, वकील पासवान, गुड़िया कुमारी, खुशबू कुमारी, बिमली देवी, सृष्टि कुमारी सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित थे ।
Tags
बरारी / कटिहार