जागेश्वर उच्च विद्यालय मैदान में बरारी क्रिकेट क्लब सीजन–3 का भव्य शुभारंभ, खेल से संवर रहा युवाओं का भविष्य

मनीष मिश्रा | बरारी
बरारी प्रखंड अंतर्गत बरारी नगर पंचायत के जागेश्वर उच्च विद्यालय मैदान में बरारी क्रिकेट क्लब सीजन–3 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उद्घाटन बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव एवं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप उर्फ हिटलर यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं बरारी क्रिकेट क्लब कमेटी की ओर से मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग मोबाइल, सोशल मीडिया और आभासी दुनिया में अधिक समय व्यतीत कर रहा है, जिससे शारीरिक निष्क्रियता, मानसिक तनाव और अनुशासन की कमी जैसी समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में खेलकूद आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
बरारी क्रिकेट क्लब के व्यवस्थापक गौरव कुमार जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट कुल 8 दिनों तक चलेगा, जिसमें सेमापुर, कोढ़ा एवं बरारी प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों की कई टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि उद्घाटन मैच पवई बनाम सेमापुर टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सेमापुर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 14 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 134 रन बनाए और पवई टीम को 135 रनों का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रमुख रूप से डॉ. प्रीतम कुमार, मो. अकील उर्फ राजू, मुकेश चौधरी, रजत कुमार कश्यप, क्रिकेटर संघ के सुव्रत कश्यप, नगर पंचायत कार्यालय के सत्यम कुमार, मो. शहाबुद्दीन, प्रिंस कुमार, सन्नी कुमार, सुधीर चौधरी सहित अन्य स्थानीय लोग कार्यक्रम में शामिल रहे।
Previous Post Next Post