बरारी | मनीष मिश्रा
बरारी प्रखंड में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। विशेषकर गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह ठंड किसी बड़ी आपदा से कम नहीं है। ऐसे कठिन समय में बरारी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपने निजी कोष से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कर सराहनीय पहल की है।
कंबल वितरण कार्यक्रम नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आयोजित किया गया, जहां ठंड से जूझ रहे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कंबल प्रदान किए गए। कंबल पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने कहा कि,
"भीषण ठंड में गरीब और बेसहारा लोगों की मदद करना हम सभी का सामाजिक और नैतिक दायित्व है। जब तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा, जरूरतमंदों की सहायता का यह प्रयास निरंतर चलता रहेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी मानवता के नाते आगे आकर पीड़ित लोगों की सहायता करनी चाहिए। ठंड के इस मौसम में एक कंबल भी किसी परिवार के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
कंबल प्राप्त करने वाले लाभुक परिवारों ने मुख्य पार्षद के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस भीषण ठंड में कंबल मिलना उनके लिए बड़ी राहत है। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पहल की खुले दिल से सराहना की और इसे जनसेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बताया।
कार्यक्रम के दौरान बरारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप उर्फ हिटलर यादव, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। क्षेत्र में इस मानवीय पहल की व्यापक चर्चा हो रही है और लोग इसे गरीबों के प्रति संवेदनशील नेतृत्व का प्रतीक मान रहे हैं।