बरारी में पीएम स्वनिधि योजना के तहत मेगा क्रेडिट शिविर का आयोजन49 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला 15-15 हजार रुपये का कार्यशील पूंजी ऋण

मनीष मिश्रा बरारी / कटिहार।
बरारी नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत मेगा क्रेडिट शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें कुल 49 फुटकर दुकानदारों (स्ट्रीट वेंडर्स) के बीच कार्यशील पूंजी ऋण का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने लाभार्थियों को ऋण प्रदान करते हुए कहा कि पीएम स्वनिधि योजना का मुख्य उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाना एवं उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है। इस योजना के माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को आसान शर्तों पर ऋण एवं क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
मुख्य पार्षद ने बताया कि इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री द्वारा तिरुवनंतपुरम (केरल) से आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ऋण एवं क्रेडिट कार्ड वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वर्चुअल माध्यम से नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय वेंडर्स को दिखाया गया, जिससे लाभार्थियों में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
नगर पंचायत बरारी द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत ऋण राशि बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा 27 लाभार्थियों एवं इंडियन बैंक द्वारा 22 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 15-15 हजार रुपये की कार्यशील पूंजी ऋण राशि प्रदान की गई।
मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने जानकारी दी कि यह भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा दोनों ऋणों के सफल भुगतान के बाद तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं उप मुख्य पार्षद अमन कुमार ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना की अवधि को वर्ष 2030 तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बरारी में अब तक 210 लाभुक इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। साथ ही इन लाभार्थियों एवं उनके परिवारों को ‘स्वनिधि से समृद्धि’ योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की 8 अन्य योजनाओं से भी जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश ने लाभार्थियों को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी तथा डिजिटल लेनदेन, बैंकिंग सुविधाओं एवं ऋण के सदुपयोग पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव, उप मुख्य पार्षद अमन कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश के साथ-साथ वार्ड पार्षद नजनी बेगम, अनीता देवी, साहेरा खातून, अर्जुन मंडल, रिंकी देवी, राधिका देवी, राजेंद्र कुड़ैल, दीपक कुमार, पार्वती देवी सहित नगर पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Previous Post Next Post