बरारी नगर पंचायत सहित आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों में सरस्वती पूजा हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भव्य रूप से मनाई गई। बरारी, गुरुबाजार, सूजापुर सहित आस-पास के क्षेत्रों में जगह-जगह आकर्षक व विशाल पूजा पंडालों का निर्माण कर विद्या, बुद्धि और वाणी की देवी मां सरस्वती की भव्य व कलात्मक प्रतिमाएं स्थापित की गईं। शुक्रवार की शाम से ही सभी पंडालों में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवमय माहौल में डूब गया।
गुरुबाजार स्थित ठाकुरबाड़ी में बनाया गया भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना रहा। यह पंडाल विश्वविख्यात महाबोधि मंदिर की तर्ज पर निर्मित किया गया था, जिसकी भव्यता, कलाकारी और साज-सज्जा ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु यहां दर्शन के साथ-साथ पंडाल की स्थापत्य कला की सराहना करते नजर आए। वहीं गुरुबाजार स्मार्ट क्लब द्वारा स्थापित पूजा पंडाल भी अपनी भव्य सजावट, आकर्षक लाइटिंग और मनोहारी प्रतिमा के कारण लोगों को अपनी ओर खींचता रहा।
सरस्वती पूजा के अवसर पर बरारी नगर पंचायत और आसपास के इलाकों में बच्चों, युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पंडालों में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक माहौल और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया ।
Tags
बरारी / कटिहार