सरस्वती पूजा में अनुशासन बनाए रखने को लेकर पुलिस सख्त, नाच-गान व डी.जे. पर लगी रोक


मनीष मिश्रा , बरारी /
बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़िया गांव (रौनिया पंचायत) स्थित सरस्वती मंदिर परिसर में सरस्वती पूजा के अवसर पर नाच-गान एवं डी.जे. कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना प्रभारी सुमेश कुमार ने तत्काल पहल करते हुए पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक में थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरस्वती पूजा जैसे पावन अवसर पर किसी भी प्रकार का नाच-गान, अश्लील कार्यक्रम अथवा तेज आवाज में डी.जे. बजाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे कार्यक्रमों से न केवल धार्मिक मर्यादा प्रभावित होती है, बल्कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था भी भंग होने की आशंका रहती है।
थाना प्रभारी ने पूजा समिति को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पूजा का आयोजन पूरी तरह पारंपरिक, धार्मिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में किया जाए। प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित व्यक्तियों एवं समिति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी रखेगा ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पूजा समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण ढंग से सरस्वती पूजा संपन्न कराने पर सहमति जताई। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
Previous Post Next Post