मनीष मिश्रा बरारी कटिहार /
बरारी (कटिहार): बरारी प्रखंड के गांधी स्मृति भवन में आज जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माहौल में संपन्न हुआ। इस चुनाव में संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साह और सक्रिय भागीदारी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए कुल सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें गुणसागर पासवान, मनोज सिंह कुशवाहा, सुशील सिंह, अरविंद भगत, अमरेंद्र सिंह, अजय चौधरी और कैलाश मंडल शामिल थे। सभी क्रियाशील सदस्य मतदान स्थल पर समय से पहुंचे, जिससे संगठनात्मक मजबूती का परिचय मिला।
हालांकि नामांकन के बाद राजनीतिक समीकरण बदले और आपसी विचार-विमर्श के बाद सभी प्रत्याशियों ने एकमत होकर मनोज सिंह कुशवाहा के पक्ष में समर्थन की घोषणा कर दी। इसके परिणामस्वरूप मनोज सिंह कुशवाहा को सर्वसम्मति से चौथी बार प्रखंड अध्यक्ष चुना गया।
उनके पुनर्निर्वाचन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने खुशी जताई और एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी एकता के बल पर आगामी चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
मनोज सिंह कुशवाहा ने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के सम्मान और भागीदारी को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
चौथी बार निर्वाचित होकर उन्होंने संगठन में अपने मजबूत नेतृत्व और लोकप्रियता का प्रमाण दिया है।
Tags
बरारी / कटिहार