मध्यान्ह भोजन के चावल गबन कांड में बड़ी कार्रवाई, चार शिक्षकों पर प्राथमिकी की अनुशंसा


मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार):
बरारी प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के चावल गबन के मामले में जांच टीम की रिपोर्ट के बाद बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद चार लोगों के विरुद्ध बरारी थाना में मुकदमा दर्ज कराने की अनुशंसा की गई है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज ने बताया कि 22 जनवरी की रात लगभग 8 बजे विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार की कथित मिलीभगत से एमडीएम का लगभग 55 किलो चावल ई-रिक्शा (टोटो) के माध्यम से विद्यालय परिसर से बाहर ले जाया गया।
मामले की जानकारी विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष प्रियंका कौर को मिलने के बाद उन्होंने विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कराई। फुटेज में चावल ले जाते हुए स्पष्ट दृश्य सामने आने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर बीडीओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तथा सहायक आपूर्ति पदाधिकारी की तीन सदस्यीय टीम गठित कर मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान आरोपों को सही पाया गया।
बीडीओ ने बताया कि गठित टीम की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के शिक्षक दिलीप कुमार, कुंदन कुमार, मो. हैदर तथा टोटो चालक रंजीत कुमार सहित चार लोगों के खिलाफ बरारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु मामला अग्रसारित कर दिया गया है।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अभिभावकों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Previous Post Next Post