मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार):
बरारी प्रखंड के गुरुबाजार स्थित राम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर में श्री कृष्ण सेवा संस्थान सह श्याम परिवार के तत्वावधान में 9 दिवसीय श्री राम अमृत महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार भी महोत्सव की शुरुआत कलश यात्रा के साथ बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ की गई।
महोत्सव के प्रथम दिन सैकड़ों महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश रखकर भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसने पूरे इलाके को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। पारंपरिक परिधानों में सजी श्रद्धालु महिलाएं भक्ति गीतों और जयकारों के साथ नगर भ्रमण करती नजर आईं। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर और स्वागत कर इस यात्रा को और भी खास बना दिया।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर हरिद्वार से आईं प्रसिद्ध कथा वाचक साध्वी पुष्पांजली गिरी अपने मधुर वाणी से श्री राम कथा का रसपान कराएंगी, जिससे श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरूकता फैलाना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। 9 दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या इसकी भव्यता को दर्शा रही है।
Tags
कटिहार / बरारी