मनीष मिश्रा बरारी / कटिहार
कटिहार जिले के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं बिहार की राज्यसभा सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता का विभिन्न प्रखंडों में जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने कई सभाओं और कार्यक्रमों में भाग लेते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से जनता व कार्यकर्ताओं के बीच रखा।
दौरे के क्रम में वे अपने पति परशुराम गुप्ता के साथ बरारी नगर पंचायत पहुंचीं, जहां मुख्य पार्षद एवं भाजपा नेत्री बबीता कश्यप और युवा समाजसेवी नीरज कश्यप (उर्फ हिटलर यादव) के आवास पर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। पारंपरिक तरीके से आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूल-मालाओं और दीप प्रज्वलन के साथ अतिथियों का सम्मान किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार के विकास कार्यों को दोहराते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में देश और तेजी से प्रगति करेगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने टेलिविजन के माध्यम से कार्यक्रम को सुना। ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों, जनभागीदारी, स्वच्छता, नवाचार और वर्तमान मे हो रहे एशियाई युद्ध जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कुल मिलाकर यह दौरा राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ जनसंवाद और संगठनात्मक मजबूती के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण रहा।
Tags
कटिहार / बरारी