स्थानीय सहयोग और बिजली कर्मियों की मेहनत से 56 घंटे बाद बहाल हुई विद्युत आपूर्ति

मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार):
बरारी थाना चौक के समीप मंगलवार शाम कालिकापुर फीडर का रेलवे अंडरग्राउंड केबल ब्लास्ट हो जाने से काढ़ागोला स्टेशन बाजार सहित करीब 12 पंचायतों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बुधवार को केबल की मरम्मत कर आपूर्ति चालू तो कर दी गई, लेकिन बिजली अनियमित रही और देर शाम तक ही लोगों को राहत मिल सकी। रात 10 बजे के बाद एक बार फिर पूरी तरह बिजली गुल हो गई, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार सुबह दर्जनों युवाओं व स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग हरकत में आया। पूर्णिया से एसी बासुकी शंकर, एसडीओ अमिताभ कुमार, कार्यपालक अभियंता मिथलेश कुमार और कनीय अभियंता शिव शंकर कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। अधिकारियों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने अधिकारियों को बताया कि 12 पंचायतों का लोड एक ही फीडर पर होने से बार-बार ओवरलोडिंग, फॉल्ट और लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। इस पर अधिकारियों ने कालिकापुर फीडर को दो भागों में बांटने का निर्देश दिया, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
वहीं, थाना चौक के पास रेलवे ढाला के समीप तीन नए केबल का बायपास कार्य भी किया गया। एसडीओ अमिताभ कुमार ने बताया कि पहले 185 एमएम का केबल था, जिसे अब 300 एमएम के केबल से बदला जा रहा है, जिससे लोड की समस्या दूर होगी।
लगभग 56 घंटे तक बिजली बाधित रहने से जनगणना कार्य, बैंकिंग सेवाएं, प्रखंड व अंचल कार्यालय तथा बाल विकास परियोजना सहित कई सरकारी कार्य प्रभावित रहे। अंततः शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय उपभोक्ताओं और बिजली विभाग के कर्मचारियों व लाइनमैन के संयुक्त प्रयास से व्यवस्था को पुनः बहाल किया जा सका।
Previous Post Next Post