हस्ताक्षर अभियान से महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया से जोड़ने की पहल, बरारी में दिखा उत्साह

मनीष मिश्रा बरारी (कटिहार): 

बरारी नगर पंचायत कार्यालय परिसर में गुरुवार को महिलाओं को समाज और प्रशासन की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘नारी शक्ति वंदन’ के तहत विशेष हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस पहल में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव ने किया। अभियान के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। आयोजन का फोकस केवल जागरूकता तक सीमित न रहकर महिलाओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करना भी रहा।
इस मौके पर भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य व पूर्व महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीना कुमारी झा ने कहा कि समाज के संतुलित विकास के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से हर स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप, विशाल कुमार, नगर पंचायत के कर्मी एवं सफाई कार्य से जुड़ी महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने हस्ताक्षर कर इस अभियान को समर्थन दिया।
पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। यह पहल क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Previous Post Next Post