सुमन साह
बरारी | संवाद सूत्र
बरारी प्रखंड में इन दिनों उमस भरी गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कभी शटडाउन तो कभी फॉल्ट के नाम पर घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बताया जा रहा है कि 11 मई से 33 केवीए फीडर में मरम्मत एवं फीडर परिवर्तन का कार्य चल रहा है। इसके कारण प्रतिदिन सुबह से लेकर दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रह रही है। वहीं हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही विद्युत सेवा घंटों के लिए ठप हो जा रही है। शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक करीब छह घंटे बिजली गायब रही, जबकि रविवार सुबह भी लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रही।
भीषण गर्मी में बिजली नहीं रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रात में पंखे और कूलर बंद होने से लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तो वहीं बुजुर्गों और मरीजों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय व्यवसायियों ने बताया कि बिजली संकट के कारण छोटे उद्योग-धंधे बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। आटा चक्की, वेल्डिंग, फोटोस्टेट और अन्य बिजली आधारित दुकानों का काम बार-बार बाधित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
किसानों ने भी बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मखाना समेत कई कृषि कार्य बिजली पर निर्भर हैं, लेकिन अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई और अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का आरोप है कि विभाग को मेंटेनेंस कार्य गर्मी के बजाय ठंड के मौसम में कराना चाहिए था।
इधर बिजली विभाग के कनीय अभियंता शिव शंकर कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश पर फीडर बदलने और मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कार्य किया जा रहा है और आने वाले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बिजली बाधित हो सकती है।
Tags
कटिहार / बरारी